सहारनपुर: निर्माणाधीन पुल का लोहे का जाल गिरा, दो मजदूरों की मौत, 5 घायल।
रिपोर्ट फराह अंसारी
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के खुमरान पुल इलाके में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई है। साथ ही इस हादसे में 5 मजदूर भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को इस पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों पर लोहे की सरिया का जाल गिर गया। इसके नीचे करीब 8 मजदूर दब गए।
सहारनपुर का यह वह खुमरान पुल है, जिसका पुन निर्माण पिछले दो महीनों से चल रहा है। यह शहर का सबसे व्यस्तम मार्ग है। यहां पर छोटे बड़े सभी वाहनों की 24 घंटे आवाजाही है, इसकी जर्जर हालत को देखते हुए इस मार्ग को 2 माह पहले बंद कर दिया गया था और इसका निर्माण दोबारा शुरू कर दिया गया था। आज इस पुल पर निर्माण कार्य चल रहा था।
इस पर 3 लेयर सरिया का जाल बिछाया जाना था। सरिये के जाल की 2 लेयर बिछाई जा चुकी थी। जबकि तीसरी लेयर बिछानी जानी थी।
तीसरी लेयर सरियों का जाल पूरी तरह कर लिया गया था। तभी अचानक तीसरा लेयर जो कि सबसे ऊपर बिछाया जाना था, गिर गया। इसके दूसरे लेयर पर खड़े 2 मजदूर सरियों के लेयर के बीच में जा फंसे। जबकि 5 मजदूर उन लेयरों में जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस भी वहां पहुची और लोगों की मदद से सरियों को काटा गया और उसमें फंसे लोगों को निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग एक घंटा लगा।
कोई बड़ी कटर मशीन न होने के कारण फंसे मजदूरों को निकालने में परेशानी हुई। मजदूरों को जब तक निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। तब तक 2 मजदूरों की मौत हो चुकी थी। जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। मृतक और घायल मजदूर संभल जिले के हैं। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने हादसे की जांच के आदेश कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जांच कमेटी बनाई जाएगी और जो भी हादसे का दोषी होगा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। लेकिन हादसे के समय कोई भी विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। मजदूरों के भरोसे ही निर्माण कार्य चल रहा था।