मॉस्को/कीव : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर हमले के बाद कहा कि मिलिट्री ऑपरेशन के अलावा उनके पास कोई विकल्प ही नहीं था। बाइडेन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमलावर हैं। पुतिन ने इस युद्ध को चुना और अब पुतिन और उनका देश परिणाम भुगतेंगे। बाइडेन ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि वह यूक्रेन में अपनी सेना नहीं भेजेंगे। बाइडन ने कहा कि रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे। यूक्रेन के कई एयरपोर्ट्स को रूसी साइबर हमले के खतरे के चलते बंद कर दिया गया है। पूरी दुनिया की नजरें इस वक्त रूस और यूक्रेन पर हैं। दोनों देशों चरम तनाव के बीच युद्ध की कगार पर खड़े हैं। रूस-यूक्रेन तनाव की हर लाइव अपडेट आप यहां देख सकते हैं :
रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही रूस की सेना, युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन करें रूसी नागरिक : जेलेंस्की
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है। उन्होंने रूस की जनता से यूक्रेन युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन करने की अपील की है। जेलेंस्की ने यूक्रेन के लोगों की उनके साहस के लिए तारीफ की है और कहा है कि यूक्रेनी सेना हर संभव प्रयास कर रही है।
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की सेना की पकड़ मजबूत होती जा रही है और वह लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। शुक्रवार को राजधानी कीव पर कई मिसाइल और बम हमले हुए। रूसी सेना के लगातार हमलों से यह डर सताने लगा है कि वह जल्द ही 29 लाख की आबादी वाले इस शहर पर कब्जा कर सकती है। हालांकि यूक्रेन की ओर से रूस को करारा जवाब दिया जा रहा है। यूक्रेन ने रूसी सेना के एक फाइटर जेट को मार गिराया है।